Popular Posts

विधायक ऋषि त्रिपाठी ने किया सड़क का शिलान्यास, लोगो मे खुशी की लहर


सोनौली/महराजगंज। नगर पंचायत सोनौली के गाँधी नगर वार्ड के निवासियों के लिए विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 400 मीटर लंबी आरसीसी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक ऋषि त्रिपाठी द्वारा किया गया। सड़क निर्माण की इस परियोजना से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी तथा वार्ड के विकास को नई गति प्राप्त होगी।


शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव और शहरों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और स्वच्छता जैसी सुविधाओं के विस्तार से लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।


कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे वार्ड के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। लोगों का कहना था कि लंबे समय से बेहतर सड़क की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसके पूरा होने से आवागमन की समस्याओं का समाधान होगा।


इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी दीपक बाबा, मनोनीत सभासद रवि वर्मा, प्रेम जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख नौतनवा राकेश मद्धेशिया, सभासद वकील अहमद, सागर विश्वकर्मा, राजू जायसवाल, अमित उर्फ मंटू त्रिपाठी, श्रीष पाण्डेय, उमेश चंद त्रिपाठी, रमेश चंद त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान लोगों ने विधायक का स्वागत करते हुए क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *