1
1
1
2
3
नौतनवा/महराजगंज। आगामी बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद और पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह के नेतृत्व में सोनौली एवं नौतनवा कस्बे में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च गांधी चौक से शुरू होकर नगर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मार्च के दौरान पुलिस जवान आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के साथ मुस्तैद दिखाई दिए, जिससे नगरवासियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा। वहीं प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा कायम रखते हुए पर्व मनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक निशान कुमार, उपनिरीक्षक फयाज अहमद, उपनिरीक्षक अनुमिका चौहान, धर्मेन्द्र तिवारी, दीपक यादव, हिमांशु कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
प्रशासन की सक्रियता और फ्लैग मार्च को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा तथा लोगों ने इसे सुरक्षा व्यवस्था के प्रति प्रशासन की गंभीरता बताया।